चांदीनगर (बागपत)। रटौल गांव में स्थित सहकारी समिति के दफ्तर का ताला तोड़कर चोरों ने बुधवार की रात में इंवेटर, बैट्री और अन्य सामान चोरी किया। रटौल-लोनी मार्ग पर पाठशाला के समीप सहकारी समिति का ऑफिस है। बुधवार की रात में चोरों ने उसका ताला तोड़कर इंवेटर, बैट्री और अन्य सामान चोरी किया। बृहस्पतिवार सुबह समिति के सचिव नितेश कुमार ऑफिस पहुंचे तो ताला टूटा और सामान चोरी हुआ मिला। उसने विभागीय अधिकारियों को चोरी होने की जानकारी दी। बाद में रटौल पुलिस चौकी में घटना की तहरीर दी।
एक्सप्रेस-वे निर्माण को लाया गया जनरेटर समेत सामान चोरी
चांदीनगर (बागपत)। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए लाए गए जनरेटर और अन्य सामान चोरों ने बुधवार की रात में चोरी किया। एक्सप्रेस-वे का बागपत में निर्माण चल रहा है। लहचौड़ा गांव के पास निर्माण कार्य के लिए लोहे की जालियों पर वेल्डिंग करने और बिजली उत्पन्न करने के लिए करीब चार लाख रुपये की कीमत का बड़ा जनरेटर लगा रखा था। बुधवार की रात में चोर जनरेटर को चोरी करके ले गए। इसके अलावा लहचौड़ा और सरफाबाद के पास से एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर लगने वाली लोहे की ग्रिल भी चोरी हो गई। कर्मचारियों को बृहस्पतिवार सुबह जनरेटर गायब मिला। इसकी जानकारी कंपनी के अधिकारियों को दी। बाद में उन्होंने पुलिस से शिकायत की।