खेकड़ा। बसी गांव में प्लाॅट के विवाद में पड़ोसी ने अपने चालक के साथ मिलकर किसान रुस्तम पर दो गोलियां चला दीं। इसमें किसान ने घर में घुसकर जान बचाई और हमलावर धमकी देते हुए भाग गए। तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी वीरेंद्र और उसके चालक मोंटू निवासी नगोला हैदर नगर जिला हापुड़ को गिरफ्तार किया और उनसे पिस्टल व गाड़ी बरामद की।
बसी गांव निवासी रुस्तम ने बताया कि पड़ोसी वीरेंद्र के साथ एक प्लाॅट को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार रात वह अपने घर के बाहर खड़ा हुआ था। तभी पड़ोसी वीरेंद्र एक गाड़ी में चालक के साथ वहां आ गया। वहां पर वीरेंद्र ने गाली-गलौज करते हुए पिस्टल निकालकर उस पर दो गोलियां चला दीं। गोली चलते ही वह अपने घर की तरफ दौड़ पड़ा और अंदर घुसकर जान बचाई। आरोप लगाया कि वीरेंद्र ने दोबारा मिलने पर उसने जान से मारने की धमकी दी है। इस मामले में सीओ रोहन चौरसिया का कहना है कि दोनों हमलावरों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।