बड़ौत। नगर के रहने वाले कपड़ा व्यापारी नीरज जैन के इकलौते बेटे प्रतीक जैन (21) की रविवार सुबह हार्ट अटैक से मौत हो गई। प्रतीक सुबह करीब चार बजे सोकर उठे थे, तभी सीने में दर्द हुआ और कुछ ही पलों में वह जमीन पर गिर पड़े। परिजन उनको तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
परिवार में करीब पांच वर्ष पहले प्रतीक की मां शिल्पी जैन की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। अब इकलौते बेटे की मौत हो गई। अब परिवार में पिता नीरज जैन, दो बहनें नीशु जैन और खुशी जैन रह गए। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. शोभित तोमर ने बताया कि कम उम्र में हार्ट अटैक के मामले अब पहले की तुलना में बढ़ रहे हैं। इसके पीछे तनाव, अनियमित दिनचर्या, नींद की कमी, जंक फूड, धूम्रपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी प्रमुख कारण हो सकते हैं। उन्होंने सलाह दी कि युवाओं को नियमित व्यायाम करना चाहिए, संतुलित आहार लेना चाहिए और किसी भी तरह के सीने में दर्द, घबराहट या सांस फूलने जैसे लक्षणों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। समय पर जांच और इलाज से ऐसे मामलों को काफी हद तक रोका जा सकता है।