फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Baghpat News: शादी में न्योते के लिए डिजिटल कार्ड से बुने जाल में फंस गए व्यापारी

विज्ञापन
विज्ञापन
बड़ौत। शादी में न्योते के लिए डिजिटल कार्ड का चलन बढ़ा तो इसको भी ठगी का हथियार बना लिया गया। नगर के पत्थर मंडी के रहने वाले पेंट व्यापारी सचिन जैन भी शादी के डिजिटल कार्ड से न्योते के चक्कर में साइबर अपराधियों के बुने जाल में फंस गए। मोबाइल पर आए एक शादी का कार्ड खोलते ही उनके खाते से एक लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
विज्ञापन

तीन अगस्त को सचिन जैन को व्हाट्स एप पर शादी का डिजिटल कार्ड मिला। कार्ड खोलते ही ठगों ने उनका मोबाइल हैक करके पूरा डाटा जुटा लिया और सचिन को इसकी भनक तक नहीं लगी। 13 अगस्त को खाते में एक लाख रुपये की रकम जमा हुई और अगले ही दिन 14 अगस्त को महज पांच मिनट में 10 बार दस-दस हजार रुपये निकाल लिए गए। इस तरह एक लाख रुपये निकाल लिए गए।
व्यापारी ने तुरंत बैंक में सूचना देकर खाता बंद कराया और साइबर अपराध शाखा में 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। मामला यहीं नहीं थमा। ठगों ने उनके ही मोबाइल नंबर से उनके परिचितों को भी इस तरह से शादी का डिजिटल कार्ड भेजा। पत्थर मंडी के व्यापारी हंस कुमार जैन को भी ऐसा ही कार्ड मिला। उन्होंने शक होने पर कार्ड नहीं खोला और दूसरा सॉफ्टवेयर डलवाकर अपने फोन को सुरक्षित कर लिया। इस तरह ही बड़ौत के व्यापारी वरदान जैन को कार्ड भेजा गया और उन्होंने भी उसको नहीं खोला।
विज्ञापन


ऐसे करें बचाव
-अनजान नंबर से मिला डिजिटल कार्ड या लिंक न खोलें
-मोबाइल की फाइल सूची में जाकर संदिग्ध एपीके फाइल तुरंत हटाएं
-अगर किसी के खाते से रुपये निकाले जाते हैं तो तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं

इस समय डिजिटल कार्ड भेजने के नाम पर एपीके फाइल भेजकर ठगी की जा रही है। इस तरह के काफी मामले सामने आ रहे हैं। इसलिए लोगों से अपील की जा रही है कि पहले देख लिया जाए कि वह एपीके फाइल तो नहीं है। ऐसा है तो उसको नहीं खोलें और पुलिस को सूचित करें। लोग जितने ज्यादा जागरूक होंगे, साइबर अपराध के मामलों में उतनी ही कमी आएगी। -एनपी सिंह, एएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें