बड़ौत। दिल्ली से सहारनपुर जा रही ट्रेन में खेकड़ा निवासी दीपक की पीटकर हत्या करने के मामले में जीआरपी ने छठा आरोपी सावन निवासी सुन्हैड़ा को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया।
खेकड़ा के मोहल्ला अहिरान का दीपक शुक्रवार की रात अपने साले वीरेंद्र के साथ दिल्ली से ड्यूटी करके घर लौट रहा था। फखरपुर स्टेशन के पास ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद में कुछ युवकों ने दीपक पर हमला कर दिया। उसके जीजा वीरेंद्र ने उसे हमलावरों से बचने का भी प्रयास किया लेकिन हमलावर दीपक को पीटते रहे, जिससे उसकी मौत हो गई थी। वीरेंद्र की तहरीर पर जीआरपी ने मुकदमा दर्ज करने के बाद पांच आरोपियों संजीव उर्फ पोनू, राहुल उर्फ बाबा और विशाल निवासी बसी, दिव्यांशु निवासी निर्भय एनक्लेव, खेकड़ा, सिद्धार्थ उर्फ एलिस निवासी मोहल्ला रैदासपुरी जाटव खेकड़ा को गिरफ्तार कर लिया था। जीआरपी के अनुसार इस मामले में एक अन्य आरोपी सावन निवासी सुन्हैड़ा का नाम सामने आया तो जीआरपी ने बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।