बड़ौत। आवास विकास कॉलोनी में एक परिवार के लोगों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग के मामले में 25 हजार के इनामी हर्ष पंवार को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके पास से तमंचा, कारतूस व घटना में प्रयुक्त स्काॅर्पियो गाड़ी को बरामद किया है। इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को पहले गिरफ्तार चुकी है।
आवास विकास कॉलोनी में आठ अप्रैल की रात कार सवार युवकों ने गाली-गलौज करते हुए 15 राउंड से अधिक फायरिंग की। इसकी सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने गली में पड़े 12 खोखे बरामद किए थे। कॉलोनी की अमरेश ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके ऊपर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमे की विवेचना के आधार पर हर्ष पंवार, लव तोमर, सोनू, सुमित रिक्का, अजीत के नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने सोनू व सुमित रिक्का को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। जबकि इसमें फरार चल रहे बड़ौत में बावली चुंगी निवासी हर्ष पंवार पर 25 हजार का इनाम घोषित किया। मंगलवार को पुलिस ने नगर के कोताना रोड शाहमल स्टेडियम तिराहा के पास से हर्ष पंवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और उसे वहां से जेल भेज दिया। सीओ विजय कुमार के अनुसार अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।