बड़ौत। खेकड़ा के अधिवक्ता अमित ने अपनी पत्नी पूजा की अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए कोर्ट के आदेश पर डॉ. राहुल कश्यप और डॉ. केके कश्यप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
अधिवक्ता ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि तीन अगस्त 2025 में उन्होंने अपनी पत्नी पूजा का गर्भाशय निकालने का ऑपरेशन बड़ौत स्थित एक अस्पताल में कराया था। तीन दिन बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। इसके बाद सामान्य जांच के लिए 21 सितंबर 2025 में डॉ़ राहुल कश्यप के सेंटर पर अल्ट्रासाउंड कराया था। बताया कि जब यह रिपोर्ट ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक को दिखाई तो उन्हाेंने इसे गलत बताया और अन्य चिकित्सक से जांच कराने की सलाह दी।
इसके बाद 28 सितंबर दोबारा नेहरू रोड स्थित डॉ़ केके कश्यप के सेंटर पर अल्ट्रासाउंड कराया। आरोप है कि जांच के बाद पुराना मेडिकल रिकॉर्ड व 21 सितंबर की रिपोर्ट में छेड़खानी व ओवरराइटिंग कर दी ताकि अपने बेटे डॉ़ राहुल कश्यप की रिपोर्ट में लापरवाही को छिपाया जा सके। आरोप है कि आपत्ति जताने पर उनके व पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इस मामले में पुलिस में शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो न्यायालय में याचिका दायर की गई। वहीं विवेचना अधिकारी एसआई प्रमोद कुमार का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर दो चिकित्सकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
वहीं डॉ. राहुल कश्यप का कहना है कि रिपोर्ट में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं थी और इसकी पहले पुलिस, स्वास्थ्य विभाग सभी जांच कर चुके हैं। उन सभी जांच में उनको क्लीनचिट दी गई। अभद्रता करने वाली बात भी उन्होंने गलत बताई। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पुलिस को सभी साक्ष्य सौंपे जाएंगे।