रमाला। ककड़ीपुर के राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी व बीएसएफ के जवान संजीव पंवार संजय पंवार (36) की त्रिपुरा के गंदाचेरा कैंप में सर्विस राइफल से गोली लगने से मौत हो गई। बीएसएफ के जवान उनका शव रविवार रात को लेकर आए तो उसे रमाला थाने में रखवाया गया। संजीव पंवार का सोमवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग उठाई है।
ककड़ीपुर गांव के रहने वाले यूपी पुलिस के सेवानिवृत्त दरोगा प्रेमपाल के बेटे संजीव पंवार राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी थे। खेल कोटे से वह फरवरी 2012 में बीएसएफ में सिपाही भर्ती हुए थे। वह बीएसएफ की कबड्डी टीम में भी खेलते थे।
इस समय वह बीएसएफ की 154 बटालियन में त्रिपुरा के गंदाचेरा कैंप में तैनात थे। वहां शुक्रवार रात को सर्विस राइफल से गोली लगने से उनकी मौत हो गई। उनके पिता प्रेमपाल ने बताया कि पहले उनको संजीव के घायल होने की सूचना दी गई और उसके कुछ देर बाद ही उनकी मौत की जानकारी दी गई। उनका शव रविवार रात को यहां लाया गया, जिसको रमाला थाने में रखवाया गया। क्योंकि संजीव की मौत की सूचना से परिवार की महिलाओं की हालत खराब है तो शव देखकर स्थिति ज्यादा खराब हो सकती थी। वहीं पिता प्रेमपाल ने जांच किए जाने के साथ ही संजीव को शहीद का दर्जा दिए जाने की बात कही है।