रमाला। किशनपुर बराल बस स्टैंड के पास पुलिस ने पंजाब से दिल्ली जा रहे पटाखों की कैंटर पकड़ ली। इसके साथ ही आरोपी विक्रम सिंह निवासी समयपुर बादली दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस ने कैंटर में पटाखे के पांच कट्टे और छह पेटी बरामद की, जिनका वजन सवा क्विंटल है। पूछताछ में आरोपी विक्रम सिंह ने बताया कि वह दीपावली पर बेचने के लिए पंजाब से सस्ते पटाखे लेकर आ रहा था। शनिवार को नेशनल हाईवे के रास्ते से अपने घर जा रहा था। उसका कहना है कि दीपावली पर पटाखे बेचने से अच्छा मुनाफा हो जाता है। इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि दीपावली पर्व को लेकर पटाखे बेचने वालों की तलाश में चेकिंग अभियान जारी रहेगा।