रमाला। सूप रजबहे के पास मोबाइल छीनने वाले बदमाशों के साथ रविवार की सुबह पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से बदमाश सागर निवासी किरठल घायल हो गया, जबकि उसके साथी सनी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के पास से दो तमंचे, कारतूस, बाइक और छीना हुआ मोबाइल बरामद किया।
रमाला गांव के रहने वाले वंशदीप ने शनिवार को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि स्पलेंडर बाइक पर आए चार युवक उसका मोबाइल छीनकर ले गए। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी। पुलिस की टीम बदमाशों की तलाश में लगी हुई थी। सीओ अंशु जैन ने बताया कि रविवार की सुबह सूप रजबहे के पास पुलिसकर्मियों ने बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया तो दोनों फायरिंग कर भागने लगे। वहां हुई मुठभेड़ में घायल सागर और उसके साथी सनी निवासी किरठल को गिरफ्तार कर लिया गया। सागर के खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं। घायल का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।