बागपत। मीतली गांव निवासी संजय कुमार ने गांव के तीन लोगों पर जमीन का बैनामा कराकर रुपये नहीं देने का आरोप लगाया। इसमें न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने नीरज, भरत भाटी निवासी मीतली और धर्मेंद्र निवासी बिलौचपुरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मीतली गांव निवासी संजय ने आरोप लगाया कि गांव के नीरज ने उसे शराब की लत लगाकर उसकी जमीन बिकवानी शुरू कर दी। जमीन के रुपये बैंक खाते में जमा कराने के बाद अपने नंबर पर एटीएम और पेटीएम चलाकर निकाल लेता था। आरोप लगाया कि अगस्त 2024 में तीनों ने साजिश के तहत शराब पिलाकर उसकी जमीन का बैनामा करा दिया। जमीन की रकम तीन चेक से उसके बैंक खाते में जमा होनी बताई गई, जबकि उसके खाते में रुपये नहीं आए। अब रुपये मांगने पर आशा के साथ गाली-गलौज कर मारपीट का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि सोमवार को न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज हुई है, इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।