रमाला। जिवाना रेलवे हाल्ट के पास ट्रेन की चपेट में आने से ईंट भट्ठा मजदूर हीरालाल (30) निवासी करीमपुर जिवानी की मौत हो गई। इसकी सूचना पर आए पुलिसकर्मियों ने जांच पड़ताल शुरू कर दी और परिजनों से पूछताछ भी की।
करीमपुर जिवानी गांव निवासी हीरालाल ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। उसके भाई विशाल ने बताया कि हीरालाल शुक्रवार की सुबह ईंट भट्ठे पर काम करने के लिए घर से गया था। जिवाना रेलवे हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई।
हीरालाल दो भाइयों में छोटा और अविवाहित था। उनके पिता प्रेमराज की एक साल पहले मौत हो गई थी।
इसमें जांच अधिकारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि सुबह के समय जिवाना हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिला था। उसकी पहचान कराकर जांच पड़ताल की जा रही है। संवाद