छपरौली। कस्बे की पट्टी धनकोशिया में गली में दरवाजा लगाने को लेकर नेत्रपाल और सुक्रमपाल पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। उनके बीच मारपीट और पथराव में महिला समेत चार घायल हो गए, जिनका सीएचसी में उपचार कराया गया।
पट्टी धनकोशिया निवासी नेत्रपाल ने बताया कि काफी समय से बंद पड़ी गली में उसने अपने मकान का दरवाजा लगाने के लिए निर्माण शुरू कराया। आरोप लगाया कि तभी पड़ोसी सुक्रमपाल ने गली के सार्वजनिक नहीं होने की बात कहते हुए विरोध किया। इसको लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने वहां आकर गाली-गलौज करते हुए उसके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें सुमन, अमन व नेत्रपाल घायल हो गए। नेत्रपाल ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, दूसरे पक्ष के सुक्रमपाल ने तीन लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सुक्रमपाल का कहना है कि जिस गली में दरवाजा खोला जा रहा है, वह सार्वजनिक नहीं है। उधर, झगड़े की वीडियो भी वायरल हो रही है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।