बागपत। आईजीआरएस पोर्टल हैक करके हैकरों ने खुद ही 500 शिकायतों का फर्जी निस्तारण कर दिया। किसी की अंश निर्धारण की शिकायत पर जेसीबी मशीन तो कई शिकायत पर हाथी व ट्रक के फोटो लगाकर निस्तारण दिखा दिया।
इसका पता चलने पर सभी अधिकारियों ने लखनऊ शिकायत करके पोर्टल को ठीक कराया। शिकायतकर्ताओं के कार्यालय में आने पर अफसरों ने दोबारा जांच कराने का आश्वासन दिया।
अफसरों के कार्यालयों व ऑनलाइन आने वाली शिकायतें आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज होती हैं। इनका संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर जाकर निस्तारण करने के बाद अपनी रिपोर्ट लगाकर ऑनलाइन भी निस्तारित करते हैं। यहां पिछले सप्ताह हैकरों ने आईजीआरएस पोर्टल में सेंधमारी कर दी और चार दिन तक पोर्टल को हैक करके उस पर दर्ज शिकायतों का फर्जी निस्तारण कर दिया। इनमें जमीनों के विवाद से लेकर अंश निर्धारण व अवैध कब्जे समेत अन्य शिकायतें थीं।
शिकायतों के फोटो वाले कॉलम में जेसीबी, ट्रक व हाथी समेत अन्य फोटो अपलोड कर दिए। शिकायत का निस्तारण होने पर शिकायतकर्ताओं के मोबाइल पर मैसेज आने पर फरियादियों ने अपडेट देखी। इसमें फोटाे जेसीबी, ट्रक व हाथी समेत अन्य लगे हुए मिले तो इसकी शिकायत अधिकारियों के पास जाकर की गई। तब जांच कराने पर पता चला कि पोर्टल को हैक करके शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है। लखनऊ में शिकायत करके तुरंत ही पोर्टल को ठीक कराया गया।