रमाला। अशरफाबाद थल गांव में पांच युवकों ने कांधला के सब्जी विक्रेता इस्लाम पर लाठी-डंडों से हमला कर पैर तोड़कर घायल कर दिया। घायल इस्लाम का बड़ौत सीएचसी में उपचार कराया गया। उधर, तहरीर मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
कांधला निवासी इस्लाम ने बताया कि वह पिकअप गाड़ी से गांवों में घूमकर सब्जी बेचता है। सोमवार को अशरफाबाद थल गांव में दो युवक उससे सब्जी खरीदने लगे। एक युवक सब्जी उठाकर बार-बार इधर से उधर कर रहा था, उसे ऐसा करने से मना किया तो दोनों युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर गाली-गलौज की। इसके बाद लाठी डंडों से हमला कर उसके पैर की हड्डी तोड़ दी। ग्रामीणों के आने पर हमलावर युवक जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। उधर, बड़ौत सीएचसी से घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि एक हमलावर को पकड़ा गया है। इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।