बागपत। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर सिसाना गांव में नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस और कार में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार सवार विपिन निवासी पुराना कस्बा और तीन यात्री घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।
पुराना कस्बा निवासी विपिन ने बताया कि वह अपनी कार लेकर गौरीपुर मोड़ पर जा रहा था। कांवड़ यात्रा को लेकर दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे वन-वे किया हुआ है। इसी के चलते सिसाना गांव पार करते ही सामने से आई रोडवेज बस ने कार में सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और विपिन घायल हो गया। इसके अलावा रोडवेज बस में बैठे तीन यात्री दानिश व मोहित निवासी बड़ौत और अमित निवासी बागपत भी मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई और गुस्साए लोगों ने रोडवेज बस के चालक के साथ हाथापाई भी कर दी। वहां पहुंचे पुलिसकर्मियों ने मामला शांत कराया और रोडवेज बस चालक को पकड़कर थाने ले गए। हादसे के समय बस में 25 यात्री सवार थे। इस मामले में पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।