भारतीय क्रिकेट टीम विश्वकप के मैच खेलने के लिए जिस बस में मैदान पर पहुंचती है और वहां से वापस आती हैं। वह बस बागपत में पंजीकृत है और उन बसों के यूपी 17 के नंबर देखकर इसकी छानबीन की गई। इसके बाद पता चला कि दिल्ली की कंपनी केटीसी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर बागपत के एआरटीओ कार्यालय से पांच बसें पंजीकृत हैं।
कंपनी के गुरुदेव सिंह के अनुसार उनका एक कार्यालय बागपत में चमरावल रोड पर भी स्थित है। कंपनी की बसों को विश्वकप में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को मैदान तक लेकर जाने में लगाया हुआ है।
जिन वाहनों पर यूपी 17 से नंबरों की शुरुआत होती है, वह सभी बागपत से पंजीकृत है। यह बस हमारे यहां से पंजीकृत है और इसका पूरे भारत में किसी भी जगह व्यवसायिक इस्तेमाल किया जा सकता है। - एके राजपूत, एआरटीओ बागपत