बागपत। कोरोना वायरस से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक और व्यवस्था की है। जिले की प्रत्येक सीएचसी पर एक वार्ड आरक्षित किया गया है। कोई भी संदिग्ध मरीज मिलने पर इन वार्डों में ही जांच की जाएगी।
कोरोना वायरस से चीन में हड़कंप मचा हुआ है। बागपत के 12 लोगों की अभी तक स्क्रीनिंग हो चुकी है, लेकिन कोई पॉजिटिव नहीं मिला है। फरवरी की शुरूआत में बड़ौत में एक युवक ने कोरोना वायरस की जांच कराई थी। चिकित्सा विभाग ने उसका सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा था। पांच फरवरी को उसकी जांच रिपोर्ट निगेटिव मिली थी। इसके बाद से अभी तक जिले भर में कोई भी कोरोना वायरस का केस नहीं आया है। इसके बावजूद भी चिकित्सा विभाग कोरोना को लेकर काफी सतर्क है। कोरोना वायरस के नोडल अधिकारी डाक्टर भुजवीर सिंह ने बताया कि जिले में सात सीएचसी है। अभी तक कोरोना वायरस का कोई केस नहीं मिला है, फिर भी एतिहात के तौर पर जिला अस्पताल के अलावा प्रत्येक सीएचसी पर वायरस की जांच के लिए एक वार्ड आरक्षित किया गया है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के मिलने पर वार्ड में सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ भेज दिया जाएगा।