नगर के मौहल्ला औरंगाबाद शेखपुरा मे हुई मारपीट मे घायल एक परिवार के लोग
- फोटो : KAHKRA
खेकड़ा(बागपत)। नगर के मोहल्ला औरंगाबाद शेखपुरा में साझे की दीवार में छेड़छाड़ करने पर दो परिवारों में संघर्ष हो गया। इसमें दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने कोतवाली में एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।
नगर के मोहल्ला औरंगाबाद शेखपुरा में बल्लू और सुंदर परिवार के साथ रहते हैं। दोनों के मकान के बीच की दीवार साझे की है। फिलहाल में ही इस दीवार का निर्माण कराया गया है। बृहस्पतिवार की सुबह बल्लू के परिजन दीवार में खूंटी ठोकने लगे। तभी सुंदर ने इसका विरोध किया। तो दोनों परिवारों के लोग आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। इसमें एक पक्ष के सुंदर, उसकी पत्नी नसरीना, वसीम और तालिब, दूसरे पक्ष के बल्लू समेत पांच लोग घायल हो गए। मोहल्ले के लोगों ने हस्तक्षेप करके दोनों पक्षों की लड़ाई बंद कराई। इसके बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली में पहुंच एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने कहा दोनों परिवारों में साझे दीवार से छेड़छाड़ को लेकर मारपीट हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई होगी।