बागपत। बड़ौत में हुए निर्वाण महोत्सव हादसे के मृतक दस श्रद्धालुओं के परिवारों को प्रधानमंत्री कार्यालय से दो-दो लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। जबकि प्रशासन की सूची में शामिल 54 घायलों में केवल 27 को मुआवजा का पात्र माना गया है। इन 27 घायलों के खातों में जल्द 50-50 हजार रुपये का मुआवजा आएगा।
दिगंबर जैन कालेज के मैदान में मानस्तंभ के ऊपर तक पहुंचने के लिए बांस व बल्लियों से बनाया गया 65 फीट ऊंचा व 117 फीट लंबा मचान 28 जनवरी की सुबह टूट गया था।इस हादसे में दस श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 70 श्रद्धालुओं से ज्यादा घायल हो गए थे। इनमें से 54 घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, जिनका रिकॉर्ड प्रशासन के पास है।
जैन समाज की तरफ से पीडि़त परिवारों को मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री को पत्र भेजा था। जिसपर प्रधानमंत्री कार्यालय से मृतकों के नाम के साथ परिवार वालों के अलावा घायलों के बैंक खातों की जानकारी मांगी गई थी। प्रशासन ने दस मृतकों के परिजनों व 54 घायलों की जानकारी भेज दी। वहां से दस मृतकों अमित जैन, अरुण कुमार जैन, ऊषा, तरसपाल जैन, विपिन कुमार जैन, कमलेश जैन, शिल्पी जैन, अंजू जैन, सुरेशचंद जैन, रेखा जैन के परिवार वालों के खाते में दो-दो लाख रुपये मुआवजा राशि भेजी गई है।