बागपत। जिले में एक जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग अभियान चलेगा। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बीमार लोगों की सूची तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराएंगी और लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक भी करेंगी। बुधवार को डीएम राजकमल यादव ले जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक में स्वास्थ्य व अन्य विभाग के अधिकारियों को अभियान संबंधी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के दौरान लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने व स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने का प्रयास करने के लिए कहा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग, पंचायती राज/ ग्राम्य विकास, पशुपालन विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि एवं सिंचाई, उद्यान एवं सूचना विभाग को संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।
गांवों में सफाई, स्वच्छता, एंटी लार्वा छिड़काव, फागिंग, नाला नालियों की सफाई, तालाबों के पास की झाड़ियों की सफाई कर कीटनाशक का छिड़काव कराने के निर्देश दिए।
अभियान की विभागवार साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को कार्य योजना तैयार कर जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने के निर्देश दिए। अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार, सीडीओ रंजीत सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. अतुल बंसल, डॉ. यशवीर, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सरूचि शर्मा मौजूद रहे।