बागपत। नगर में यमुना पक्का घाट के पास दलितों को खेती के लिए मिलने वाले पट्टे पर कॉलोनी काटकर मकान भी बनवाने शुरू कर दिए गए। उन निर्माणाधीन मकानों को प्राधिकरण ने जेसीबी से तुड़वा दिया तो वहां खंभे व रास्ते भी उखाड़ दिए गए।
यमुना पक्का घाट के किनारे पिछले काफी दिनों से प्लॉट काटकर बेचे जा रहे थे और लोगों ने प्लॉट लेकर मकानों का निर्माण भी शुरू कर दिया था। इसकी शिकायत डीएम के पास पहुंची तो जांच कराने पर पता चला कि पट्टे की जमीन पर प्लॉट काट दिए गए। डीएम राजकमल यादव ने प्राधिकारी के एई अरविंद शर्मा को कार्रवाई के निर्देश दिए। प्राधिकरण की टीम बुधवार को जयसिंह व नजाकत अली के द्वारा काटी जा रही कालोनी में पहुंची। वहां करीब एक दर्जन मकानों का निर्माण चल रहा था, जिनको जेसीबी से तोड़ दिया गया। इनके अलावा खंभे व रास्ते भी उखाड़ दिए गए। इन दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा वहां पास में एक अन्य कालोनी में मकानों का निर्माण चल रहा था, उसमें भी जेसीबी से उन निर्माण को गिराया गया। डीएम राजकमल यादव ने बताया कि बागपत व बड़ौत में कुछ लोग अवैध रूप से कालोनी काटकर आम लोगों को प्लॉट बेचकर रुपये हड़प रहे है। उन सभी कालोनियों में जेसीबी से निर्माण तोडने के साथ ही कार्रवाई की जाएगी।