बागपत। जिले में नौ ग्राम सचिवों के क्लस्टर पंद्रह दिन के भीतर एक बार फिर बदल दिए गए हैं। इस अचानक हुए बदलाव से उनके कामकाज पर असर पड़ने की आशंका है।
इससे पहले 28 मई को जिले में 60 सचिवों का ब्लॉकों में तबादला किया गया था। इसके 18 दिन बाद 16 जून को उन्हें क्लस्टर आवंटित किए गए। सचिवों ने अभी ठीक से अपनी जिम्मेदारी संभाली भी नहीं थी। उन्होंने डोंगल बनाकर कार्य शुरू ही किया था। अब उनके स्थान पर अन्य सचिवों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव के कारण उन्हें फिर से अपने डोंगल बनवाने की प्रक्रिया शुरू करनी पड़ेगी। जिला पंचायत राज अधिकारी रमेशचंद गुप्ता ने बताया कि कुछ सचिवों को उनके गांव में ही भेज दिया गया था। इसी कारण उनके क्लस्टर बदले गए हैं।
रोशनगढ़ में जोनी चौधरी की जगह अनुजपाल को भेजा गया है। गौना में दीपक मान की जगह मोनू यादव और फुलैरा में मोनी यादव की जगह दीपक मान को जिम्मेदारी मिली है। मिलाना में कृष्ण कुमार तोमर की जगह संजीत कुमार को नियुक्त किया गया है। तेडा से संदीप कुमार की जगह शैंकी और कमाला में शैंकी की जगह संदीप कुमार को भेजा गया है। किरठल में सुनीता की जगह विक्रांत, रमाला में विक्रांत की जगह सुनीता और तुगाना में सुनीता की जगह प्रदीप कुमार शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।