करंट से इंटरमीडिएट कॉलेज सरूरपुर के क्लर्क की मौत
बागपत। गौरीपुर जवाहर नगर के निकट इंद्रा कॉलोनी स्थित बाग मेें सुबह की सैर करने गए इंटरमीडिएट कॉलेज सरूरपुर के क्लर्क की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने प्रकरण को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
गौरीपुर जवाहरनगर की इंद्रा कॉलोनी निवासी मंदीप चौहान (30) इंटरमीडिएट कॉलेज सरूरपुर में क्लर्क के पद पर कार्यरत था। बुधवार सुबह पांच बजे वह बाग में टहलने के लिए गया था। वह बाग में लगे तार की चपेट में आ गया। तार में करंट होने की वजह से क्लर्क झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोग उसे तलाशते हुए पहुंच गए। काफी तलाश के बाद युवक का झुलसा हुआ शव बाग में पड़ा मिला। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की बहन मंजू का कहना है मामला संदिग्ध है। प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।