बीआरसी बड़ौली में शिक्षकों के दो गुटों में हुई मारपीट
बड़ौत (बागपत)। बीआरसी बड़ौली परिसर में बुधवार को मामूली कहासुनी के बाद शिक्षकों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इसमें कई शिक्षक घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे शिक्षा विभाग के अफसरों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह मामला शांत कराया। हालांकि इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
बुधवार को बीआरसी बड़ौली परिसर में ऑनलाइन पढ़ाई को परवान चढ़ाने, ड्राप आउट छह से 14 वर्ष तक के बच्चों का स्कूलों में पंजीकरण कराने, निशुल्क पाठ्य पुस्तकों के वितरण, यूनिफार्म व जूता मोजों का वितरण कराने आदि विषयों को लेकर शिक्षकों की बैठक बुलाई। बैठक में दो शिक्षकों में किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हो गई। देखते ही देखते शिक्षकों के दो गुट आमने सामने आ गए और उनके बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। इससे बैठक में शामिल होने आए अन्य शिक्षकों में अफरा तफरी मच गई। मारपीट में कई शिक्षक घायल हुए।
उधर, सूचना पर शिक्षा विभाग के अफसर तुरत फुरत में मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामला शांत कराया। हालांकि इस दौरान गर्मागर्मी के चलते दोनों पक्षों के शिक्षक एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली पर शिकायत करने की बात पर अड़े रहे, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को समझा दिया। इस संबंध में एबीएसए विनोद वर्मा ने कहा मारपीट जैसी कोई बात नहीं है, दो शिक्षकों में मामूली कहासुनी हो गए थे। दोनों पक्षों का समझौता हो गया।