बागपत-मेरठ हाईवे की सफाई, जल्द शुरू होगा निर्माण
बालैनी (बागपत)। बागपत-मेरठ हाईवे (334 बी) के करीब 45 किमी के टुकड़े का जल्द निर्माण शुरू होगा। ठेकेदार कंपनी ने किनारों की सफाई का कार्य शुरू करा दिया है। एनएचएआई को पेड़ काटने की अनुमति मिल गई है। दो लेन के हाईवे का जिले के लोग कई साल से इंतजार कर रहे हैं। हाईवे का निर्माण होने से यूपी और हरियाणा के लोगों को लाभ होगा।
बालैनी में केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने गढ़-सोनीपत हाईवे के मेरठ से बागपत (334 बी) के करीब 45 किमी टुकड़े का एलान किया था। हाईवे का निर्माण गाजियाबाद की राज श्यामा कंस्ट्रक्शन कंपनी करेगी। कंपनी के प्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि मेरठ बाईपास से बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे और इसके बाद गौरीपुर मोड़ से सोनीपत जिले की सीमा तक हाईवे के करीब 45 किमी के टुकड़े का निर्माण किया जाएगा। हाईवे निर्माण से पहले सफाई का कार्य शुरू कराया। पहले पेड़ कटान का कार्य होगा, तब हाईवे के निर्माण का कार्य शुरू होगा।
इनसेट
दो लेन बनेगा, आबादी में होगा चौड़ीकरण
बालैनी। हाईवे दो लेन का बनेगा और आबादी क्षेत्र में चौड़ीकरण किया जाएगा, ताकि भविष्य में लोगों को लाभ हो सके। आबादी क्षेत्र में डिवाइडर लगाने की योजना हैं।
इनसेट
बाईपास नहीं बनेगा, लगेगा टोल टैक्स
बालैनी। कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि बाईपास निर्माण की योजना नहीं है। बालैनी के निकट टोल टैक्स लगाया जाएगा।
इनसेट
यहां आसान नहीं होगा निर्माण
बागपत। बालैनी बस स्टैंड, अमीनगर सराय मोड़, डौला, अग्रवाल मंडी टटीरी और नया गांव में मार्ग बेहद तंग है। हाईवे का चौड़ीकरण करने में यह परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
इनसेट
हाईवे के किनारों की सफाई कराई
बालैनी। बागपत-मेरठ हाईवे निर्माण का ठेका लेने वाली कंपनी ने रविवार को हाईवे के किनारों की सफाई का कार्य कराया। कंपनी के जीएम ने बताया कि पेड़ कटने के बाद निर्माण शुरू होगा, अभी सिर्फ हाईवे के किनारों की सफाई कराई जा रही है।