-घटना से परिवार में मचा कोहराम, तहरीर पर मुकदमा किया दर्ज
फोटो 10
संवाद न्यूज एजेंसी
रटौल। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर सरफाबाद गांव के समीप कैंटर का टायर बदल रहे क्लीनर को पीछे से आए एक कैंटर ने कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अमरोहा के बावन खेड़ी गांव का रहने वाला चालक नाजिम व क्लीनर रहमान (22) हसनपुर से कैंटर में लकड़ी लेकर हरियाणा के सांपला जा रहे थे। बताया कि जब बुधवार रात में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर सरफाबाद गांव के समीप पहुंचे तो कैंटर के टायर में पंक्चर हो गया। इसके बाद नाजिम और रहमान टायर बदलने लगे। टायर बदलने के बाद रहमान उठने लगा तो पीछे से आए एक कैंटर ने रहमान को कुचल दिया। हादसे में रहमान की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, सूचना मिलने पर धोली प्याऊ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिवार वालों को सूचना दी। इस मामले में कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।