बागपत। जिला अस्पताल में असुविधाएं मरीजों और तीमारदारों के लिए मुश्किलें बनी हुई है। पीने के पानी तक के लिए इधर-उधर दौड़ लगानी पड़ती है। जगह-जगह दवा के खाली रेपर दिखाई देते हैं। सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं।
मरीजों की संख्या बढ़ी तो जिला अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने का प्लान तैयार किया। जिला अस्पताल पहुंचे बिजेंद्र, ओमपाल, आस मोहम्मद, शिवकुमार, सलमान, फुरकान ने कहा जिला अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों की समस्याओं को सुलझाने पर किसी का ध्यान नहीं है। जगह-जगह दवा के खाली रेपर और दवा लगी कोटर पड़ी रहती है। साफ-सफाई नाममात्र को होती है। यह ही नहीं मरीज और तीमारदार पीने के पानी के लिए परेशान हैं। पानी के वाटर कूलर बंद पड़े हैं। जिला अस्पताल के कोने कोने में सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं, लेकिन चालू कोई भी नहीं है। वाहन चोरी होने का भी खतरा बना हुआ है। जिला अस्पताल को आधुनिक बनाना है तो पहले छोटी-छोटी समस्याओं को भी दिया जाएगा तो मरीजों को काफी राहत मिलेगी। सीएमएस डॉ. बीएलएस कुशवाहा ने कहा यदि कोई मरीज और तीमारदार अगर कोई शिकायत करता है तो प्राथमिकता से संबंधित समस्याओं को हल कराया जाता है।