संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा (बागपत)। नगर स्थित केनरा बैंक शाखा खुलने में हुई देरी से सीबीएसई परीक्षा भी देरी से शुरू हुई। इस पर स्कूल संचालकों ने शाखा के बाहर विरोध जताया। उन्होंने सीबीएसई आफिस में इसकी शिकायत की है।
इंटरमीडिएट और हाईस्कूल की सीबीएसई की परीक्षा चल रही हैं। परीक्षा के प्रश्नपत्र कड़ी सुरक्षा में बैंक शाखाओं के स्ट्रांग रूम में रखे हैं। इसलिए शाखा को रोजाना नौ बजे खोले जाने के आदेश हैं। नगर स्थित गुरुकुल विद्यापीठ परीक्षा केन्द्र के प्रश्नपत्र नगर की केनरा बैंक शाखा में रखे हैं। सोमवार को 10 बजे तक भी शाखा नहीं खुली। प्रधानाचार्या प्रभा सिंघल और शिक्षक नौ बजे बैंक शाखा पर पहुंच गए। वहीं, शाखा प्रबंधक और अन्य बैंक कर्मचारी तो समय से पहुंच गए परंतु बैंक की चाबी जिस कर्मचारी के पास रहती है वह नहीं पहुंचा। इसके बाद बैंक कर्मियों ने शटर का ताला तोड़ने का प्रयास किया परंतु सफलता नहीं मिली। इसी दौरान उक्त उक्त कर्मचारी भी पहुंच गया। देरी से बैंक शाखा खुलने से बोर्ड परीक्षा शुरू होने में देरी हुई। स्कूल संचालकों ने बैंक शाखा के सामने विरोध जताया। उन्होंने शिकायत सीबीएसई कार्यालय और बैंक अधिकारियों से की है।
उधर, गुरुकुल विद्यापीठ की प्रधानाचार्या प्रभा सिंघल का कहना है कि छात्र-छात्राओं की परीक्षा महत्वपूर्ण मुद्दा है। सोमवार को उन्हें प्रश्न पत्र 10 बजे मिले हैं। देरी से ही प्रश्न-प्रत्र छात्र-छात्राओं को वितरित किए गए। वहीं, शाखा प्रबंधक गीता देवी ने बताया कि शाखा के सभी कर्मचारी समय से पहुंच गए थे। शाखा के मुख्य द्वार की चाबी एक कर्मचारी पर रहती है। उसे आने मे देरी हो गई। उससे स्पष्टीकरण मांगा गया है।