बड़ौत की मधुबन कॉलोनी में चोरी के बाद घर में जमा लोग ।
- फोटो : BARAUT
छह दिसंबर से परिवार में शादी समारोह में गया हुआ था पूरा परिवार
बड़ौत। चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की रात चोरों ने मधुबन कालोनी में रहने वाली एक शिक्षिका के बंद घर को निशाना बनाते हुए जेवर, नगदी और बाइक चोरी कर ली। पीड़िता ने रविवार को कोतवाली में इस संबंध में तहरीर दी।
मधुबन कॉलोनी में जेवी इंटर कॉलेज की प्रवक्ता इंदू मलिक का आवास है। इंदू मलिक के पति अशोक मलिक की दिल्ली बस स्टैंड पर बिजली की दुकान है। पूरा परिवार छह दिसंबर से परिवार में शादी समारोह में गया हुआ था। शनिवार की शाम पड़ोस में रहने वाले प्रधानाचार्य सुशील चौधरी ने अशोक मलिक को फोन पर सूचना दी कि उनके घर के ताले टूटे पड़े है। सूचना पर पूरा परिवार वापस पहुंचा। घर में सभी अलमारियों के ताले टूटे पड़े हुए थे। अशोक मलिक ने बताया कि उनके घर से चार तोले सोने के जेवरात, 30 तोले चांदी के जेवरात, 37000 की नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी हुआ है। इसके अलावा एक घर में खड़ी बाइक भी चोरी हुई है। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। कोतवाल ने बताया कि तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।