खेकड़ा। नगर में काठा मार्ग पर बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक से पांच हजार रुपये, मोबाइल और बाइक लूट ली। इसके अलावा गांव सुभानपुर में बदमाशों ने शिक्षिका के गले की चेन लूट ली। दोनों मामलों में तहरीर दी गई है।
गांव खेड़ा हटाना निवासी राहुल दिल्ली के चांदनी चौक में नौकरी करता है। बुधवार की शाम वह खेकड़ा निवासी अपने दोस्त के साथ बाइक से लौट रहा था। राहुल ने बताया की दोस्त को खेकड़ा छोड़ने के बाद वह काठा मार्ग पर पहुंचा तो दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। उससे 5000 रुपये, मोबाइल और बाइक लूट ली। विरोध करने पर उसकी पिटाई भी की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। उधर, गांव सुभानपुर में पूर्व शिक्षिका प्रेमलता बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे अपने मकान के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और प्रेमलता के गले से सोने की चैन झपटकर ट्रानिका सिटी की ओर फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा का कहना है कि घटनाओं की तहरीर मिल गई है। बदमाशों का सुराग लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।