पुराने कस्बे में रहने वाले रिश्ते के तीन चाचाओं के खिलाफ दर्ज हुआ केस
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। विद्युत निगम के एसडीओ की गाड़ी के चालक अनिल चौहान के जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने के मामले में उसके रिश्ते के तीन चाचाओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मारपीट करने के कारण चालक के जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की बात कही गई है। पुलिस अभी मामले में जांच कर रही है।
पुराने कस्बे का रहने वाला अनिल चौहान (28) एसडीओ बागपत गोपाल की गाड़ी का चालक था। अनिल ने मंगलवार रात को ईपीई पर जाकर संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया था। परिजनों को फोन करके इस बारे में बताया। परिजनों ने उसे अग्रवाल मंडी टटीरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। उसने जहरीला पदार्थ खाने से पहले एक ऑडियो वायरल किया था। इस मामले में उसके भाई सुनील चौहान ने रिश्ते के तीन चाचा राज सिंह, मोहित, वीरेंद्र पर भाई के साथ मारपीट करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी थी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और ऑडियो के आधार पर केस दर्ज किया गया है।