बागपत। शुगर मिल परिसर व आवासीय परिसर में सैकड़ों हरे पेड़ कटवाने के मामले में वन विभाग में मिल प्रबंधक के खिलाफ केस दर्ज कर किया गया है। जिला वन अधिकारी के जांच कराने पर हरे व सूखे दोनों तरह के पेड़ कटे मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
नयागांव हमीदाबाद की प्रधान अंजलि चौधरी, सनी, विशेष गोपी ने सहकारी चीनी के प्रबंध निदेशक, वन विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें कहा कि बागपत शुगर मिल परिसर व आवासीय परिसर में सैकड़ों हरे पड़े खड़े थे, जिनको कुछ दिन पहले ही कटवा दिया। वह 20-30 वर्ष पुराने शीशम, पीपल, नीम, जामुन, सागौन, पिलखन, गुल्लर आदि के पेड़ थे। आरोप है कि हरे पेड़ों का कटवाकर बड़ा घोटाला किया गया है। इस मामले में शिकायत मिलने पर वन विभाग के अधिकारियों ने जांच कराई तो शुगर मिल परिसर में काफी पेड़ कटे हुए मिले। जिनमें हरे व सूखे दोनों तरह के पेड़ शामिल थे। इसके बाद वन विभाग में प्रबंधक के खिलाफ केस दर्ज किया गया। उसकी जांच शुरू कर दी गई है।
विभाग की अनुमति नहीं
शुगर मिल परिसर में हरे पेड़ कटवाए जाने की शिकायत मिली थी। वहां काफी हरे व सूखे पेड़ कटे मिले। उसकी अनुमति विभाग से नहीं ली गई थी। इसलिए वन विभाग ने शुगर मिल प्रबंधक को जिम्मेदार मानते हुए केस दर्ज किया है।-हेमंत कुमार सेठ, जिला वन अधिकारी
पेड़ काटने वाले का पता लगाएंगे
केस दर्ज कराए जाने को लेकर जानकारी नहीं है। इस बारे में पता किया जाएगा। केवल सूखे पेड़ काटने के लिए कहा था। हरे पेड़ किसने काटे हैं इसकी अपने स्तर से जांच कराएंगे।-आरके जैन, जीएम बागपत शुगर मिल