खेकड़ा (बागपत)। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे (ईपीई) पर मंगलवार की रात हुई सड़क दुर्घटना में अमरोहा के गांव अतरासी निवासी कैंटर चालक की मौत हो गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सड़क के बीच खड़े खराब हुए ट्रक से टकराने पर हुआ। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
अमरोहा जनपद के थाना रजापुर गांव अतरासी निवासी कैंटर चालक इंतजाम मंगलवार की रात क्लीनर आसिफ के साथ गाजियाबाद से हरियाणा जा रहा था। रात करीब ग्यारह बजे जब ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर बड़ागांव के पास मार्ग के बीचों बीच खराब हुए खड़े ट्रक से उसका कैंटर टकरा गया। हादसे में चालक इंतजाम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि क्लीनर आसिफ गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आसिफ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उनके परिजनों को भी सूचना दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और कैंटर को सड़क के किनारे खड़ा कराया। बुधवार को मृतक के भाई सलीम ने कोतवाली पहुंचकर ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी।