बागपत-मुरादनगर मार्ग पर नहीं चल रहीं बसें
चांदीनगर (बागपत)। बागपत से मुरादनगर तक बस का संचालन नहीं हो पा रहा है। जिससे मार्ग पर पड़ने वाले लगभग 20 गांव के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस का संचालन न होने के कारण लोग डग्गामार वाहनों में सफर करने के लिए मजबूर हैं।
बागपत से मुरादनगर की दूरी लगभग 35 किलोमीटर है। इस मार्ग पर बागपत के लगभग 20 गांव और मुरादनगर क्षेत्र के लगभग 10 गांव हैं। मार्ग पर बसों का संचालन न होने के कारण लोगों को मार्ग पर आवागमन के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोग डग्गामार वाहनों से सफर करने के लिए मजबूर है। बस न होने के कारण डग्गामार वाहन अपनी मनमानी करते हैं। इसके अलावा इस मार्ग पर डिग्री कालेजों की कमी होने के कारण छात्र-छात्राएं बागपत, मेरठ और गाजियाबाद में पढ़ाई करने के लिए जाते है, जिससे उन्हें परेशानी होती है।
--
इन गांव के लोगों को हो रही परेशानी
बागपत चमरावल मार्ग पर पड़ने वाले हरचंदपुर, अहेड़ा, दुड़भा, पाबला बेगमाबाद, खट्टा प्रहलादपुर, ढिकौली, पांची, रटौल, चमरावल, ललियाना, विनयपुर, भेड़ापुर, फुलेरा, पूरणपुर नवादा, गढ़ी कलंजरी, खैला, भागौट आदि के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
--
कई बार उठाई जा चुकी है मांग
मार्ग पर बसों का संचालन न होने के कारण ग्रामीणों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। कई बार बस की मांग की जा चुकी है, मगर समस्या का समाधान नहीं हुआ है। - विपिन महेश्वरी, ललियाना
--
चलती है डग्गामार वाहन चालकों की मनमानी
मार्ग पर बसों का संचालन न होने के कारण डग्गामार वाहन चालक मनमानी करते हैं। वाहनों में मानक से अधिक लोगों को बैठाकर वाहन दौड़ाते है, जिससे हादसे का डर लगा रहता है। - डब्बू पांची
--
छात्रों को होती है सबसे अधिक परेशानी
देहात क्षेत्र से काफी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए बागपत, मेरठ और गाजियाबाद जाते है। मार्ग पर बस न चलने से छात्रों को सबसे अधिक परेशानी होती है। छात्रों को डग्गामार वाहनों पर लटककर सफर करना पड़ता है। - शशांक त्यागी, चमरावल