बड़ौत में बड़ौली रोड पर जली महिला की जांच करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बड़ौली रोड पर एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। सूचना पर सीओ और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और उसके मायके वालों को सूचना दे दी।
मृतक ममता ( 22 वर्ष) पत्नी नितिन गर्ग बड़ौली रोड बड़ौत की रहने वाली है। ममता की शादी पांच अप्रैल 2016 को अल्मोड़ा से बड़ौत निवासी नितिन के साथ हुई थी। नितिन नोएडा में नौकरी करता है और उसके पिता घनश्याम गर्ग बड़ौली रोड पर परचून की दुकान करते है उसका दुकान के ऊपर ही मकान है।
सोमवार की शाम ममता घर में अकेली थी और उसके कमरे से जब धुआं निकलता देखा, तो उसके ससुर घनश्याम गर्ग ने शोर मचाया तो मोहल्ले के काफी लोग एकत्र हो गए। कमरे की अंदर से कुंडी लगी थी।
लोगों ने दरवाजा तोड़कर जब देखा तो महिला जली पड़ी थी और मर चुकी थी। इसकी सूचना पुलिस को दी, सूचना पर सीओ कर्मवीर सिंह और थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार नसीम अहमद मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
सीओ कर्मवीर सिंह ने बताया मौके से कुछ जलने के अवशेष कब्जे में लिए हैं। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और मृतका के परिजनों को सूचना दे दी और वे वहां से चल दिए हैं। जांच के बाद ही मौत की घटना किन कारणों से हुई पता लग सकेगा।