बागपत/दोघट। हिंडन और कृष्णा नदियों के दूषित पानी से प्रभावित गांवों में जल निगम की ओर से वाटर टैंक लगाए जाएंगे। पट्टी बंजारन गांव में जल निगम ने इस पर कार्य भी शुरू कर दिया है।
डीएम ह्दय शंकर तिवारी ने कहा इससे लोगों को लाभ होगा। जल निगम के अधिशासी अभियंता संजय कुमार गौतम ने बताया यह योजना पट्टी बंजारन गांव से शुरू की जाएगी। पहले इसका ट्रायल होगा। इसमें 70 से 80 मीटर गहरा बोर किया जाएगा। सोलर सेट लगाकर पानी निकाला जाएगा। फिर पानी की जांच होगी।
इस वाटर टैंक की क्षमता 5000 लीटर पानी की होगी। यदि पट्टी बंजारन गांव में सोलर वाटर टैंक शुद्ध पेयजल देने में कामयाब हो जाता है तो फिर नदियों से प्रभावित 29 गांवों में सोलर वाटर टैंक लगाए जाएंगे। इनका निर्माण विद्युत यांत्रिक खंड जल निगम मेरठ द्वारा किया जाएगा। पट्टी बंजारन गांव में निर्माण शुरू करा दिया गया है। ग्राम प्रधान राजीव कुमार ने बताया तवेला गढ़ी, सरौरा और पट्टी बंजारन का पेयजल दूषित है। इन गांव में शुद्ध पेयजल मिलेगा।