मलकपुर में हुए पथराव में घायल युवती।
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत के मलकपुर गांव में शनिवार को शाम के समय गली में बंधी भैंस की पूंछ एक युवक को लग गई। इसे लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते पथराव और लाठी-डंडे चलने लगे। इसमें दोनों पक्ष की एक महिला समेत आठ लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी।
घायलों में एक पक्ष के प्रमोद, अजय, अंकित, युद्धिष्ठर पुत्र लाल सिंह और राधा पत्नी प्रमोद, दूसरे पक्ष के कृष्ण, सोनू और जोगेंद्र निवासी मलकपुर हैं। शनिवार की रात में प्रमोद की भैंस उसके घर के बाहर बंधी थी, तभी कृष्ण वहां से गुजर रहा था तो भैंसें ने उसे पूंछ मार दी। इससे उसके कपडे़ गंदे हो गए।
इसे लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों की तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे। कुछ गांव के लोगों ने हस्तक्षेप करके बीच-बचाव किया। घायलावस्था में दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया और मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्राहक को लेकर दुकानदार भिड़े, दो घायल
बड़ौत। शनिवार की रात में बड़का रोड पर फर्नीचर का काम करने वाले दुकानदारों में ग्राहकों को लेकर लाठी-डंडे चलने लगे। इसमें एक पक्ष का शाजिद पुत्र शाहिद और शाहिद पुत्र यूनुस घायल हो गए। उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया है।