दोघट (बागपत)। कस्बा निवासी बीएसएफ के जवान की हिसार से डाक लेकर दिल्ली जाते समय सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मचा। बुधवार को जवान का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
दोघट कस्बा निवासी मनमोहन उर्फ बिट्टू (32) पुत्र ब्रह्मपाल सिंह वर्ष 2012 में दिल्ली में बीएसएफ में भर्ती हुआ था। उसकी तैनाती हिसार में थी। वह रविवार देर रात हरियाणा के हिसार से दिल्ली डाक लेकर जा रहा था। रास्ते में खड़ी गन्ने की ट्राली से उसकी कार टकरा गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां राजेश, पत्नी निक्की, बहन अनु का रो-रोकर बुरा हाल था। सोमवार की देर शाम जवान का शव दोघट पहुंचा, जहां राजकीय सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बीएसएफ के सब इंस्पेक्टर मोहम्मद कामिल हुसैन आदि मौजूद रहे।