- 44 डिग्री पारे में शहर से लेकर देहात तक आठ घंटे की अघोषित कटौती ने छीन लिया लोगों का चैन
- 04 घंटे बागपत नगर, छह घंटे बड़ौत और गांवों में आठ घंटे तक की अघोषित कटौती की जा रही
- 110 से ज्यादा शिकायत विद्युत निगम कार्यालय में पहुंच रही रोजाना, लोड बढ़ने के कारण लाइनों में फाल्ट बढ़े
- 50 लाख यूनिट बिजली की खपत और आपूर्ति पूरी होने का दावा कर रहे विद्युत निगम के अधिकारी
फोटो एक की सीरिज
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत/बड़ौत। 44 डिग्री सेल्सियस तापमान और उस पर आठ घंटे की अघोषित कटौती। जनपद वासियों को न दिन में चैन मिल रहा है और न रात में सुकून। एक सप्ताह से शहर से लेकर देहात तक यहीं हाल है। बागपत नगर में चार घंटे, बड़ौत में छह घंटे और गांवों में आठ घंटे तक की अघोषित कटौती होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गर्मी में लोड बढ़ने के कारण लाइनों में फाल्ट बढ़े है। रोजाना 110 से ज्यादा शिकायत विद्युत निगम के कार्यालयों में पहुंच रही है। हालांकि विद्युत निगम के अधिकारियों का दावा है कि पचास लाख यूनिट बिजली की खपत है और आपूर्ति पूरी हो रही है।
जिला मुख्यालय पर 24 घंटे और तहसील मुख्यालय पर साढ़े 21 घंटे आपूर्ति का शेड्यूल है, जबकि गांवों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति होनी चाहिए। एक सप्ताह पहले तक स्थिति काफी ठीक थी, लेकिन अब बिजली के अघोषित कटों ने परेशानी बढ़ा दी है। बागपत शहर में 24 घंटे में कई बार में करीब चार घंटे के अघोषित कट लगाए गए। रात में ही तीन घंटे की कटौती हुई। इस तरह ही बड़ौत में करीब 15 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है और रात में एक साथ चार घंटे की कटौती कर दी गई। दिन में कई बार में पांच घंटे की कटौती की गई। गांवों में आधे से एक घंटे के अघोषित कट लगाए गए, जिससे आपूर्ति दस घंटे ही मिल रही है।
लाइन पर लोड बढ़ने से किसी जगह तार फुंके तो कहीं ट्रांसफार्मर
गर्मी बढ़ने के कारण लोग एसी भी खूब चला रहे हैं। इससे लाइनों पर लोड बढ़ गया हैं। बागपत में शुक्रवार रात को कोर्ट रोड पर फाल्ट हो गया और इससे तार फुंक गया। इससे घंटों बिजली गायब रही। ठीक करने के बाद भी फीडर ओवरलोड होने के कारण घंटे भर तक बत्ती गुल रही। बड़ौत में अधिकतर फीडर ओवरलोड होने के कारण शुक्रवार को ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे आजाद नगर कालोनी, आवास विकास, न्यू राम नगर कालोनी, चौधरी चरण सिंह बिहार, मधुबन कालोनी, आजाद नगर कालोनी, बिनौली रोड सहित अन्य कई जगहों पर कई घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।
--
लोग बोले, बिजली कटौती से बढ़ रही परेशानी
बिजली के अघोषित कट बढ़ने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ रही हैं। गर्मी में बिजली आपूर्ति कई घंटे तक नहीं होने के कारण कई बार इनवर्टर भी जवाब दे जाते हैं। बागपत में पुरानी तहसील मोहल्ले के रहने वाले राकेश का कहना है कि बिजली के अघोषित कट बढ़ गए है और इससे परेशानी हो रही है। कोर्ट रोड पर रहने वाले डा. धीर सिंह ने बताया कि बार-बार कट लग रहे हैं और गर्मी बढ़ने के कारण परेशानी हो रही है। इस बारे में विद्युत निगम कार्यालय बात करते है तो कोई सही जवाब नहीं दिया जाता है।
अधिकारियों का दावा, पचास लाख यूनिट पूरी मिल रही बिजली
जिले में शेड्यूल के अनुसार आपूर्ति की जाए तो पचास लाख यूनिट बिजली की खपत होती है। विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल पचास लाख यूनिट बिजली की जरूरत है और वह पूरी मिल रही है। अधिकारी यहां तक दावा करते है कि जिले में कोई कटौती नहीं हो रही है और किसी जगह लाइन में फाल्ट आने पर कुछ देर के लिए आपूर्ति बाधित हो जाती हैं।
चौगामा क्षेत्र में लो-वोल्टेज से लोग परेशान
दोघट। चौगामा क्षेत्र में दिन भर लो वोल्टेज की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। यहां 11 विद्युत उपकेंद्र है, जिनसे लगभग 30 गांव को विद्युत सप्लाई होती है। मगर, कई दिनों से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। लोगों ने जल्द इस समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की है।
जिले में इस वक्त पचास लाख यूनिट बिजली की खपत है और उसके अनुसार पूरी बिजली मिल रही है। अघोषित कट नहीं लगाए जा रहे हैं। लोड बढ़ने के कारण लाइन में फाल्ट ज्यादा हो रहे है, जिससे परेशानी हो रही है। फाल्ट होने पर आपूर्ति बंद रहती है। - रणविजय सिंह, एसई