-मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर हिसावदा मोड़ पर हुआ हादसा, दोस्त से मिलकर वापस लौट रहे थे अनुज
फोटो दस
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर हिसावदा मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से जलशक्ति मंत्रालय में तैनात संविदाकर्मी प्रवीण भाटी निवासी ब्राह्मण पुट्ठी के छोटे भाई अनुज (25) की मौत हो गई। घटना का पता चलने पर आए पुलिसकर्मियों ने जांच शुरू कर दी।
ब्राह्मण पुट्ठी गांव निवासी प्रवीण भाटी दिल्ली में जलशक्ति मंत्रालय में संविदाकर्मी हैं। उनका छोटा भाई अनुज भाटी रविवार को दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से गया था। इसके बाद रविवार रात वापस लौटते समय मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर हिसावदा मोड़ पर पहुंचे, तभी अज्ञात वाहन ने अनुज भाटी को टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर आए पुलिसकर्मियों ने मोबाइल में मिले नंबरों से परिजनों को घटना की जानकारी दी। अनुज भाटी तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनका एक भाई गृह मंत्रालय में संविदाकर्मी है। इसमें सीओ अंशु जैन का कहना है कि अज्ञात वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।