संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नगर के पांडव रोड स्थित कब्रिस्तान से चोर दानपात्र तोड़कर नकदी व 20 साल पुरानी कब्र पर लगी ग्रिल उखाड़ कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने चोरों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
कब्रिस्तान कमेटी के उपाध्यक्ष मास्टर हुसैन ने बताया कि सोमवार को जब वह कब्रिस्तान में देखरेख करने के लिए पहुंचे तो उन्हें इमदाद वाला गल्ला टूटा हुआ मिला और कब्रिस्तान में 15 से 20 साल पुरानी कब्र पर लगी लोहे की मजबूत ग्रिल चोरी हुई मिली। वहां उनकी मांग की कब्र भी क्षतिग्रस्त मिली। चोर कब्र के दो तरफ लगी ग्रिल उखाड़ कर ले गए । ग्रिल का वजन लगभग 50 से 60 किलो है। उन्होंने कब्रिस्तान में चोरी की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।