बिनौली (बागपत)। हजूराबाद गढ़ी गांव में मंगलवार को रालोद कार्यकर्ताओं की ग्राम चौपाल कार्यक्रम के तहत सभा हुई। इसमें वक्ताओं ने रालोद को किसानों की सच्ची हितैषी बताया और भाजपा सरकार को किसान विरोधी बताया।
सभा में रालोद जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह गठीना ने कहा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने किसानों के हकों के लिए जीवन पर्यंत कार्य किया। रालोद के अध्यक्ष चौ. अजित सिंह भी लगातार किसानों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार किसान हितैषी होने का ढिंढोरा पीट रही है, लेकिन किसानों को गन्ने सहित अन्य फसलों का वाजिब दाम नहीं मिल रहा है। इसमें वरिष्ठ रालोद नेता अश्वनी तोमर ने कहा कि आज किसान की हालत बद से बदतर हो गई है। किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान नहीं मिल रहा है।
युवा रालोद के प्रांतीय उपाध्यक्ष धीरज उज्ज्वल ने कहा कि रालोद ही किसानों के हकों की लड़ाई लड़ रहा है। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार किसान व आम जन विरोधी है। इस दौरान सुखबीर गठीना का पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया। ओमपाल सेनानी की अध्यक्षता व सतबीर उज्ज्वल की अध्यक्षता में हुई सभा में राजू तोमर सिरसली, राजवीर सिंह, रब्बान चौधरी, ओमप्रकाश, हरिकिशन, बलवीर सिंह, सतपाल सिंह, डॉ. इंद्रपाल, विक्रम, सुरेश, बिजेंद्र सिंह, संजय, मनोज आदि रहे।