बड़ौत पुलिस द्वारा पकड़े गए वाहन चोर।
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत पुलिस ने बृहस्पतिवार रात छपरौली चुंगी पर चेकिंग के दौरान बाइक चोर गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार कर दिल्ली और बड़ौत से चोरी की गई दो स्कूटी और दो बाइकें बरामद की है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
सीओ कर्मवीर सिंह और थाना प्रभारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में बृहस्पतिवार रात एसएसआई राजपाल सिंह छपरौली चुंगी पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उन्हें सूचना मिली कि दो बदमाश दिल्ली की ओर से चोरी की बाइकों पर आ रहे हैं तो उन्होंने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की। जब ये बदमाश दिल्ली की ओर से आ रहे थे तो पुलिस को देखकर वे भागने लगे। लेकिन पुलिस ने घेरकर उन्हें पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों में अनिल पुत्र जगदीश और सुनील पुत्र सुरेंद्र निवासी मलकपुर हैं। अनिल शातिर बदमाश है। उस पर कई थानों में गैंगस्टर समेत 12 मुकदमे चल रहेे हैं।