बागपत, बड़ौत। दिल्ली बस स्टैंड हाईवे पर बाइक सवार दो युवकों ने वहां से जा रही स्कूल बस को रुकवाया और ड्राइवर के साथ मारपीट की। बस में सवार शिक्षिका ने विरोध किया तो आरोपियों ने शिक्षिका के साथ अभद्रता का प्रयास किया। शोर सुनकर लोगों को आता देख हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। घायल ड्राइवर ने कोतवाली में तहरीर दी।
बता दें कि बिहारीपुर निवासी लाेकेंद्र एक स्कूल में बस चालक है। लोकेंद्र जिस समय नगर मेें रहने वाली एक शिक्षिका को लेकर स्कूल जा रहा था, तो दिल्ली बस स्टैंड पर बाइक सवार दो युवकों ने स्कूल बस के आगे बाइक खड़ी कर बस को रुकवा दिया। पहले ड्राइवर का नाम पूछा। जैसे ही ड्राइवर लोकेंद्र ने अपना नाम बताया, तो युवकों ने बेल्ट व लात-घूंसाें से उसे पीटना शुरू कर दिया। बस में सवार शिक्षिका ने विरोध किया तो आरोपी बस में घुस गए और शिक्षिका के साथ अभद्रता की। शिक्षिका ने शोर मचा दिया, तो आसपास लोग उधर दौड़े। जिस पर आरोपी धमकी देते हुए भाग गए।
सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है, मारपीट करने वाले युवकों का पता लगाए जाने का प्रयास किया जा रहा है।