रटौल (बागपत)। पांची चौराहे पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्राॅली में टक्कर लगने से बाइक सवार मजदूर प्रमेंद्र (35) की मौत हो गई और नाजिम व नीरज निवासी रसूलपुर जाहिद जिला मेरठ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पिलाना सीएचसी पर भर्ती कराया गया, जिनको गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया।
मेरठ जिले के रसूलपुर जाहिद गांव के रहने वाले प्रमेंद्र, नीरज और नाजिम कहरका गांव के जंगल में स्थित ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। बताया कि मंगलवार सुबह वह तीनों बाइक पर सवार होकर बागपत से पांची की तरफ जा रहे थे। पांची चौराहे पर टायर में हवा भरवाने के लिए खड़ी ट्रैक्टर-ट्राॅली से मजदूरों की बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में तीनों युवक घायल होकर सड़क पर गिर गए।
दौड़कर वहां आए राहगीरों और दुकानदारों ने उन्हें उठाया। वहां पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को पिलाना सीएचसी पहुंचाया। उपचार के दौरान प्रमेंद्र की मौत हो गई। उधर, मेरठ के अस्पताल में भर्ती घायल नाजिम की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रमेंद्र की मौत का पता चलने पर उसकी पत्नी पूजा, भाई बिट्टू वहां पहुंचे। उसके परिवार में चार बच्चे हैं। चांदीनगर पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया गया है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।