शव मिलने की खबर से संबंधित फोटो। डौलचा निवासी मृतक सत्यपाल का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
बागपत, बालैनी। डौलचा गांव से नौ दिन से लापता किसान सतपाल (60) का शव क्षत-विक्षत हालत में मंगलवार की सुबह खेत में पड़ा मिला। वहां पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
डौलचा गांव के रहने वाले सौरभ यादव ने बताया कि उसके ताऊ सतपाल सिंह नौ दिन पहले खेत में सिंचाई करने गए थे, इसके बाद घर नहीं लौटे। उसकी ताई शांति देवी ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई और डेरा अनुयायी होने के कारण बरवाना, सिरसा आश्रम में भी तलाश किया गया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह पड़ोसी किसान खेत में पानी चलाने के लिए आए तो उन्हें बदबू आई। इसके बाद खेत में जाकर देखा तो वहां सतपाल का क्षत-विक्षत शव पड़ा हुआ मिला। जिसे जंगली जानवरों ने नोंच रखा था।
उधर घटना का पता चलने पर पुलिस की डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। मृतक का मोबाइल भी शव के पास पड़ा हुआ मिला। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की। मृतक किसान के परिवार में पत्नी, एक बेटा और तीन बेटियां है। तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है।
वर्जन-पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के सही कारणोंं का पता नहीं चल सका। इसके लिए बिसरा सुरक्षित किया गया है। बिसरा जांच रिपोर्ट में मौत होने के सही कारणों का पता चलेगा, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - एनपी सिंह, एएसपी