बिनौली। बिजवाड़ा गांव की बहू लेडी खली कविता दलाल ने बुधवार को पानीपत में आयोजित वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट यानी डब्ल्यूडब्ल्यूई के द ग्रेट खली रिटर्न शो में अमेरिका की नटालिया को हराकर फाइट जीती। शाम के समय शो शुरू होने से पहले ही कविता के परिजन टीवी से चिपक गए। कविता के फाइट जीतने के बाद गांव में जीत का जश्न मनाया गया।
कविता दलाल हरियाणा के जुलना के सीनियर सेकेंडरी स्कूल से 12 तक पढ़ी है। इसके बाद 2004 में उन्होंने लखनऊ मेें अपनी रेसलिंग की ट्रेनिंग शुरू की। इस दौरान उन्होंने पढ़ाई भी जारी रखी और साल 2005 में बीए किया। पढ़ाई और ट्रेनिंग के बाद 2008 में कविता ने बतौर कांस्टेबल एसएसबी में नौकरी ज्वाइन की। वर्ष 2009 मेें कविता ने बिजवाड़ा के गौरव पहलवान से शादी की। इसके बाद भी कविता रेसलिंग करती रही।
कविता दलाल ने पिछले दिनों कांटीनेंटल रिसलिंग एंटरटेनमेंट सीडब्ल्यूई की रिंग में नेशनल रेसलर बुलबुल को हराया। कुछ दिन पहले कविता को खली ने अपने शो द ग्रेट खली रिटर्न शो डब्ल्यूडब्ल्यूई में फाइट के लिए आमंत्रित किया। कविता के पति गौरव पहलवान ने बताया कि यह फाइट आठ अक्तूबर को गुड़गांव के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में होनी थी, लेकिन अब बुधवार को शाम के समय पानीपत के स्टेडियम में है। कविता के लिए डब्ल्यूडब्ल्यूई फाइट अभी तक सबसे बड़ी फाइट है।
बुधवार को कविता दलाल की ससुराल यानी बिजवाड़ा मेें परिजन ससुर बिजेंद्र सिंह तोमर, सास उमा रानी, जेठ राजीव तोमर, ननद भारती, कविता का लड़का अभिजीत तोमर, ताऊ सीताराम, बलबीर सिंह, मास्टर जितेंद्र ने जीत के लिए भगवान से प्रार्थना की और शो शुरू होने से पहले ही टीवी से चिपके रहे।
कविता की फाइट अमेरिका की नटालिया के साथ हुई। कविता ने फाइट जीती। इसके साथ गांव में जश्न का माहौल बन गया, लोगों ने पटाखे जलाकर खुशी का इजहार किया। इसके अलावा पानीपत में शो देखने के लिए रवाना होने वालों में ग्राम प्रधान अरविंद तोमर, अनुज तोमर, राजीव तोमर, मनोज, मोहन, मास्टर निर्भय सिंह शामिल रहे।