बागपत। विद्युत निगम ने विद्युत बिल जमा न होने पर पुरा गांव के ऐतिहासिक परशुरामेश्वर महादेव मंदिर का बिजली कनेक्शन काट दिया है। ऐसी स्थिति में आठ दिन बाद शुरू होने वाले मेले में परेशानी हो सकती है। प्रशासन ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों को बिल जमा कराने के लिए कहा है।
पुरा गांव के ऐतिहासिक परशु रामेश्वर महादेव मंदिर का पिछले कई साल से बिजली का बिल जमा नहीं किया जा रहा है। इससे मंदिर पर करीब साढ़े छह लाख रुपये बिल बकाया हो गया। विद्युत निगम ने मंदिर प्रबंध समिति को कई बार नोटिस जारी किया, लेकिन मंदिर समिति ने नोटिस पर ध्यान नहीं दिया। नतीजा यह हुआ कि निगम की टीम ने विगत दिनों मंदिर का विद्युत कनेक्शन काट दिया। इसका पता प्रशासनिक अफसरों को उस समय चला, जब मंदिर पर महा शिवरात्रि के अवसर पर लगने वाले मेले की तैयारी की जाने लगे। प्रशासन के अधिकारियों ने मंदिर समिति को बिल जमा करने के लिए कहा है, ताकि मेला शुरू होने से पहले मंदिर परिसर में बिजली की व्यवस्था हो सके। दूसरी तरफ विद्युत निगम (बागपत) एक्सईएन राजवीर सिंह ने कहा करीब साढ़े छह लाख रुपये बकाया जमा न होने पर मंदिर का कनेक्शन काटा गया है। इससे पहले कई बार निगम ने मंदिर कमेटी को इस बारे में बताया था।