बागपत के छपरौली में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को कस्बे में एक क्लीनिक पर छापेमारी की तो वहां कई गड़बड़ियां पाई गईं। डॉक्टर की टेबल पर नशीली गोलियां रखी हुई थी। टीम उन्हें जब्त करते हुए डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी।
मामला थाने से कुछ ही दूर का है। यहां एक क्लीनिक पर गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। बृहस्पतिवार को एसीएमओ डॉ. रामेश्वर दयाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डॉ. जगमाल सिंह राणा के क्लीनिक पर छापेमारी की। दयाल ने बताया कि क्लीनिक पर दवाइयों की भरमार थी। टेबल पर नशीली गोलियां भी रखी हुई थी। डॉक्टर से दस्तावेज मांगे, लेकिन मौके पर किसी भी तरह का कागजात नहीं दिखाया गया। टीम ने मौके पर मिली सभी नशीली दवाइयों को कब्जे में ले लिया। इसके बाद टीम ने छपरौली थाने पहुंचकर मेडिकल एक्ट और धारा 420 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सभी प्रतिबंधित दवाइयों को कब्ज में ले लिया है। जिसके बाद आरोपी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
गर्भपात कराने की भी मिली किट
छपरौली। एसीएमओ ने बताया कि क्लीनिक पर भ्रूण हत्या होने का भी अंदेशा है। क्योंकि, छापेमारी के दौरान गर्भपात कराने की किट मिली है। डॉक्टरों की मानते तो यहां पर सभी मर्ज का इलाज किया जा रहा था।
छापेमारी से मची अफरातफरी
छपरौली। डॉक्टर के क्लीनिक पर जब टीम ने छापेमारी की तो वहां अफरातफरी मच गई। क्लीनिक पर मौजूद हर कोई हैरत में था कि आखिर माजरा है क्या। बाद में पता चला कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर दवाइयां जब्त की है। वहीं, छापेमारी से अन्य झोलाछाप चिकित्सकों में हड़कंप मच गया। कस्बे के सभी क्लीनिक बंद हो गए। टीम के जाने के बाद भी उनके शटर खुले।
लखनऊ की टीम ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण
बागपत। लखनऊ से पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। बृहस्पतिवार को महाप्रबंधक (नियमित टीकाकरण) डॉ. विकास सिंघल और कार्यक्रम समन्वयक वेदप्रकाश त्रिपाठी ने जिला अस्पताल, बागपत सीएचसी, अग्रवाल मंडी टटीरी और ब्राह्मण पुट्ठी पीएचसी का निरीक्षण किया। सभी जगह उन्हें संतोषजनक कार्य होता मिला। सभी जगह ओपीडी में मरीजों से पूछताछ की। नियमित टीकाकरण की जानकारी प्राप्त की। सीएचसी बागपत में पार्क देखा, ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। जच्चा-बच्चा वार्ड पहुंचकर तिमारदारों से जानकारी जुटाई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रमोद कुमार ने महाप्रबंधक से जिला अस्पताल में रखी अतिरिक्त अल्ट्रा साउंड मशीन को सीएचसी में लगवाने की मांग की। टीम के डॉक्टरों ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। डॉ. नीरज त्यागी ने लखनऊ से पहुंची विभागीय टीम को जानकारी उपलब्ध कराई।